मध्य प्रदेश । राज्य के देवास ज़िले में अवैध शराब की तस्करी कर रहे ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत हो गई । घटना रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई । पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है ।
पुलिस के मुताबिक़ अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलने के बाद कई टीमें कार्रवाई के लिए रवाना की गई थीं इनमें से एक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी दिलीप पुरी कर रहे थे ।
देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया “पुलिस टीम को रविवार देर रात क़रीब डेढ़ बजे हाइवे पर संदिग्ध ट्रक मिला था पुलिस ने ट्रक चालक को बाहर आने के लिए कहा, लेकिन उसने वाहन तेज़ गति से भगाने की कोशिश की ।”
“इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया । जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए । उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,जहां क़रीब दो घंटे तक इलाज और सीपीआर दिए जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी ।”
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है पुलिस ने ट्रक ज़ब्त कर लिया है, जबकि उसके चालक की तलाश की जा रही है । इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है ।
गौरतलब है कि देवास ज़िले के चंदाना और बिंजाना गांवों में हाल ही में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से 13 से अधिक लोगों की मौत का मामला सामने आया था ।
ग्रामीणों ने दावा किया था कि क़रीब 20 दिनों के भीतर दोनों गांवों में इतनी मौतें हुईं इसके अलावा कई लोगों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित होने की बात कही गई थी ।
