सोमवार को पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं सालगिरह मनाई जा रही है । इसे लेकर देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं ।
वहीं आज सुबह दिल्ली में हल्की बारिश होने के आसार हैं ।मौसम विभाग के अनुसार,
लाल क़िले और आसपास के इलाक़े में सुबह सुबह हल्की बारिश होने और तेज़ हवांए चलने का अनुमान है ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लालकिला से नौवीं बार तिरंगा फहराएंगे और देशवासियों को संबोधित करेंगे ।
पीटीआई के अनुसार,
लालक़िले की सुरक्षा के लिए 10 हज़ार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं ।
सुरक्षा के लिए चेहरा पहचानने वाले कैमरे से लेकर कई स्तर के सुरक्षा घेरे का प्रबंध किया गया है । पतंगों और उड़ने वाली चीज़ों को पकड़ने के लिए 400 से ज़्यादा लोग तैनात किए गए हैं । अनुमान है कि इस बार लालक़िले के इस समारोह में 7,000 से अधिक लोग इकट्ठा होंगे ।
आज का समारोह ख़त्म होने तक लालक़िले के पास के 5 किलोमीटर क्षेत्र को ‘नो काइट फ्लाइंग ज़ोन’ के रूप में चिह्नित किया गया है ।
शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने आनंद विहार बस अड्डे के पास से 2,200 से अधिक जिं़दा कारतूस बरामद किए थे । साथ ही छह लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया था ।
क़ानून और व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर देवेंद्र पाठक ने बतायास कि दिल्ली में पहले ही धारा 144 लगा दी गई है ।
13 अगस्त से 15 अगस्त को कार्यक्रम ख़त्म होने तक दिल्ली में किसी को पतंग, गुब्बारे या चीनी लालटेन उड़ाते हुए पाए जाने पर दंडित किया जाएगा ।
इससे पहले,
2017 के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब लालक़िले से देश को संबोधित कर रहे थे । तब उनके पोडियम के पास एक पतंग आकर गिरा था । हालांकि पीएम मोदी ने उसके बाद भी बिना रूके अपना संबोधन जारी रखा ।
उत्तरी, मध्य और नई दिल्ली ज़िलों में क़रीब 1,000 उच्च दक्षता वाले कैमरे लगाए गए हैं । इससे न केवल उड़ने वाली चीज़ों पर बल्कि वीवीआईपी लोगों के आने जाने के रास्तों पर भी नज़र रखी जा रही है ।
