UP News : बिजनौर जिले में पिछले डेढ़ माह में गंगा,रामगंगा समेत जिलेभर से होकर बह रही नदियों में डूबने से 15 मौत हुई हैं । इसमें अधिकांश मामलों में लापरवाही सामने आई है ।
बिजनौर जिले में एक के बाद एक नदियों में डूबने से लोगों की मौत हो रही है । लेकिन इसके बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे हैं । लोगों की लापरवाही का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोग घाट पर नहीं । बल्कि जंगल क्षेत्र से होकर गुजर रही नदियों में नहा रहे हैं । पिछले डेढ़ महीने पर नजर डालें तो एक या दो नहीं । बल्कि 15 लोग नदियों में इसी तरह डूब चुके हैं । सबसे बड़ा कारण यह है कि जो लोग डूबे हैं । वह नदी की अनजानी जगह पर नहाने गए थे । वहां उम्मीद से गहरा पानी था । जिसमें वो डूब गए ।
गर्मी शुरू हुई तो युवा मंडली पिकनिक मनाने निकल पड़ी । इस बार युवाओं में नदियों के किनारे पिकनिक और फिर वहां नहाने का चलन खतरनाक साबित हो रहा है । जिले में ही नहीं, बल्कि ऐसे लोग जिले से बाहर के क्षेत्र में भी घूमने जा रहे हैं और नदियों के अनजाने कुंड में फंस रहे हैं । पिछले डेढ़ माह में गंगा, रामगंगा समेत जिलेभर से होकर बह रही नदियों में डूबने से 15 मौत हुई हैं । इसमें अधिकांश मामलों में लापरवाही सामने आई है । लोग ऐसी जगहों पर नहा रहे थे । जहां उन्हें खुद नहीं पता था कि पानी कितना गहरा है । नदियों में बने कुंड में ये लोग ऐसे डूबे कि इनके साथ वाले इन्हें बचा नहीं पाए ।
तैरना आता नहीं, फिर भी नदी में उतर गए
नदियों में डूबने के कारण जो मौत हुई हैं । उसमें एक और चौंकाने वाला तथ्य है । इनमें से अधिकांश लोग तैरना ही नहीं जानते थे । इसके बावजूद दोस्तों के कहने से नदी में नहाने उतर गए । गहरे पानी में पहुंचे तो डूबने लगे । लेकिन तैरना न आने के कारण न तो खुद को बचा पाए, न इनमें से कोई दूसरे की मदद कर सका ।
नदियों के आसपास वाले सभी इलाकों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है । लोगों को गहरे पानी में नहीं उतरने की अपील लगातार की जा रही है । नदियों के आसपास पुलिस को सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं । जागरूकता के लिए एनाउंसमेंट भी कराए जा रहे हैं । यदि कोई घाट के अलावा नदियों में नहाता मिला तो उस पर कार्रवाई की जाएगी – डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी
डेढ़ महीने में इनकी हुई मौत –
– 30 अप्रैल को खो बैराज पर पोषक नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई । जिसका शव नौगांवा सादात नहर के पास से से चार मई को बरामद हुआ ।
– तीन मई को नगीना के चार लोगों की कोटद्वार में आमसौड़-दुर्गादेवी के बीच खेह नदी में डूबने से मौत हो गई ।
– चार मई को बिजनौर के बास्टा के तीन युवक हस्तिनापुर में भीमकुंड पुल के नीचे डूब गए ।
– चार मई को खुराहेड़ी चंदक निवासी रियाज और अबुल नांग्लसोती के लालपुर सोजी रिश्तेदारी में गए थे । वहां गंगा में दोनों गंगा में डूब गए ।
– नौ मई को बिजनौर के बेगावाला की रहने वाली एक लड़की गंगा पार करते हुए डूब गई ।
-11 मई को अफजलगढ़ के गांव कुआंखेड़ा के पांच वर्षीय बालक की रामगंगा नदी में डूबकर मौत हो गई ।
-12 मई को किरतपुर तालाब में नहाने गए किशोर की डूबकर मौत हो गई ।
-15 मई को शेरकोट के गांच भिक्कावाला निवासी हरदीप की पोषक नहर में डूबने से मौत हो गई ।
-16 मई को मुजफ्फरनगर के गांव दतियाना के रहने वाले पांच दोस्त गंगा नदी पर पहुंचे । नहाते हुए एक युवक गंगा में डूब गया ।
