ब्रिटेन ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का उनका मिशन आज ख़त्म हो जाएगा ।
ब्रिटेन के चीफ़ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ जनरल निक कार्टर ने कहा कि उन्हें निराशा है कि कई लोग अफ़ग़ानिस्तान में ही छूट जाएंगे ।
उन्होंने बीबीसी से कहा, “हम सभी को बाहर नहीं निकाल पाए, ये बात दुखी करने वाली है”
उन्होंने बताया कि कई अफ़ग़ान उन्हें लगातार मैसेज कर रहें है, इनमें से कई मित्र हैं जो वहां से नहीं निकल पाएंगे ।
उन्होंने कहा, “हमें कई कठोर फ़ैसले लेने पड़े, जो ज़मीन पर हालात के मुताबिक़ ज़रूरी थे ।”
जनरल कार्टर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जो लोग पीछे छूट गए हैं, वो 31 तारीख की समयसीमा के बाद भी वापस आ पाएंगे. उन्होंने कहा, “अगर भविष्य में भी उन्हें ज़रूरत पड़ेगी तो हम उनके साथ खड़े हैं ।”
देश के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भी कहा है कि काबुल में फंसे लोगों को निकालने के लिए वो ‘ज़मीन आसमान एक कर देंगे ।’
उन्होंने कहा कि वो काबुल में छूट गए लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे । उन्होंने कहा कि पीछे छूट गए लोगों को लेकर उन्हें “बहुत अफ़सोस है ।”
