नूरपुर (बिजनौर) । तीन माह पूर्व कस्बे के एसआर हेल्थकेयर सेंटर में जन्मे गांव छोइया नंगली निवासी दंपती के बच्चे को बरेली के एक दंपती को पांच लाख रुपये में बेच दिया गया था । पुलिस ने बरेली से बच्चे को बरामद कर बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसके परिजनों को सौंप दिया ।
गांव छोईया नंगली निवासी दिव्यांग करन सिंह की पत्नी रुकमेश ने 13 मई को एसआर हेल्थ केयर सेंटर में बेटे को जन्म दिया था । आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सकों ने नवजात को नजीबाबाद के अस्पताल की एक नर्स को एक लाख पांच हजार रुपये में बेच दिया ।
पुलिस के अनुसार नर्स ने शिशु को बरेली निवासी एक दंपती को पांच लाख रुपये में बेचा । बच्चे के नहीं मिलने पर करन सिंह ने पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह से मिलकर आपबीती बताई । पूर्व सांसद ने डीएम और पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में कार्रवाई के लिए बात की । अधिकारियों के निर्देश पर थाना नूरपुर में अस्पताल की चिकित्सक रीना चौधरी, डॉ. जावेद, डॉ. माहर और नर्स वंदना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई । शनिवार को पुलिस ने बरेली निवासी से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया ।
सीओ देश दीपक ने बताया कि फिलहाल बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है । मामले में कार्रवाई की जा रही है ।
