उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के चेयरमैन गणेश मर्तोलिया ।
उत्तराखंड । सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती परीक्षा करवाने वाले उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी ) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर सवाल किए जा रहे हैं । रविवार को परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही पेपर लीक का आरोप लगाया जाने लगा । रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे सोशल मीडिया पर कथित परीक्षा पेपर के स्क्रीनशॉट वायरल हुए । इसके बाद अभ्यर्थियों में नाराज़गी बढ़ गई ।
आयोग के चेयरमैन गणेश मर्तोलिया ने इस मामले पर कहा, “प्रश्न पत्र से जुड़े तीन पन्ने बाहर आए हैं । परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे,जिससे यह सवाल उठता है कि सुरक्षा उपायों के बावजूद ये पन्ने बाहर कैसे आए ।”
उन्होंने कहा, “पूरे मामले की जांच के लिए आयोग स्तर पर बैठक चल रही है और विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की जा रही है ।”
इधर स्थानीय बेरोज़गार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, “इतनी सतर्कता के बावजूद पेपर बाहर आना सरकार और आयोग की नाकामी है ।”
इस मामले में उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने धामी सरकार को लेकर टिप्पणी की । उन्होंने कहा, “यह घटना प्रदेश के लाखों बेरोज़गार युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ निर्मम मज़ाक है ।”
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है ।
उन्होंने कहा, “पेपर के तीन पेज का स्क्रीन शॉट साजिश के तहत किसी के द्वारा परीक्षा शुरू होने के 35 मिनट बाद बाहर निकला गया है । यह जांच का विषय है ।”
