जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार को हराया है ।
बिहार । बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि ये नतीजा आंखें खोलने वाला है ।
उन्होंने कहा कि वो सिर्फ बांकीपुर में ही नहीं पूरे बिहार में मौजूदा व्यवस्था से परेशान लोगों की आवाज़ उठाते रहेंगे ।
उन्होंने कहा “मेरे दरवाज़े सिर्फ बांकीपुर की जनता के लिए नहीं, बल्कि बिहार के हर उस व्यक्ति के लिए खुले हैं जिसे लगता है कि प्रशांत किशोर या जन सुराज उनकी मदद कर सकते हैं ।”
उन्होंने कहा “आज विधानसभा में हमारी आवाज़ भले ही सिर्फ़ एक विधायक की हो, लेकिन विधायक बनने से पहले भी हम पूरे बिहार में मौजूदा व्यवस्था से परेशान लोगों की आवाज़ उठाते रहे हैं । अब हम यह काम पहले से भी अधिक मज़बूती के साथ करेंगे ।”
प्रशांत किशोर ने कहा “आज की इस जीत से मैं खासकर उन युवाओं से कहना चाहता हूं जो राजनीति में आना चाहते हैं । जो लोग मानते हैं कि बिहार में जाति की राजनीति की बेड़ियां नहीं टूट सकतीं या यहां राजनीति दो प्रमुख धाराओं से आगे नहीं बढ़ सकती, उनके लिए बांकीपुर का यह नतीजा आंखें खोल देने वाला साबित होगा ।”
प्रशांत किशोर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार को 19324 वोट से हरा दिया है । प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले हैं । जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट मिले हैं । बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का इस्तीफ़ा देने से बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई थी ।
