बिहार के मुख्यमंत्री समेत राज्य के बीजेपी नेताओं ने प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी है ।
बिहार । राज्य के बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत के बाद बीजेपी नेताओं ने उन्हें बधाई दी है ।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए लिखा “लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है । मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए श्री प्रशांत किशोर जी को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं ।”
वहीं बिहार बीजेपी के प्रमुख संजय सरावगी ने लिखा “बांकीपुर उप चुनाव के जनादेश को भारतीय जनता पार्टी सिर झुकाकर स्वीकार करती है और जनता के निर्णय का सम्मान करती है । लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है । वोट क्यों नहीं मिले इसकी गंभीरता से समीक्षा करेंगे । कमियों को समझकर उन्हें दूर करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम करेंगे ।”
“हम विपक्षी दलों की तरह अपनी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं,ईवीएम या चुनाव आयोग पर नहीं फोड़ते । भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्थाओं में पूर्ण विश्वास रखती है और आत्ममंथन एवं समीक्षा के माध्यम से अपनी कमियों को सुधारने में विश्वास करती है ।”
प्रशांत किशोर की जीत पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से कहा “यह लोकतंत्र की धरती है और हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं । भारतीय जनता पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ी रही है । विपक्ष की तरह हम चुनाव आयोग या ईवीएम पर दोष नहीं मढ़ते ।”
उन्होंने कहा “हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं और जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं । हम इस बात की गहन समीक्षा करेंगे कि गलतियां कहां और क्यों हुईं ।”
प्रशांत किशोऱ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार को 19324 वोट से हरा दिया है । प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले हैं । जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट मिले हैं ।
