फतेहपुर । दीपावली त्यौहार के मद्देनजर आज जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद में संचालित पटाखा बिक्री स्थलों का औचक निरीक्षण किया ।
इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी पीजी कॉलेज,मोदी ग्राउंड राधानगर, फतेहपुर एवं पल्लवी रिज़ॉर्ट के सामने बिन्दकी में स्थापित पटाखों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पटाखा बिक्री स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी क्रियाशीलता ,आग बुझाने के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था,आपातकालीन स्थिति से निपटने के इंतजाम तथा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी सहित अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की ।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं दुकानदारों को निर्देशित किया कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए । सभी दुकानों पर अग्निशमन उपकरण एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित रहें ।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों का भंडारण एवं बिक्री निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही की जाए । सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए । नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को पटाखा बिक्री स्थलों पर नियमित निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के सख्त रूप से निर्देश दिए हैं ।
