— पूर्व डीजीपी डॉ. सूर्यकुमार ने डीएम निधि गुप्ता वत्स से साझा की अभियान की जानकारी, 28 युवाओं के भरवाए आवेदन
फतेहपुर । विकसित भारत रोजगार मिशन के तहत संचालित ‘बेरोजगारी मुक्त जनपद अभियान’ को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. सूर्यकुमार आईपीएस दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह जनपद फतेहपुर पहुंचे । अभियान के माध्यम से जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जा रही है ।
इस क्रम में डॉ. सूर्यकुमार ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स से मुलाकात कर मिशन के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की जानकारी साझा की । उन्होंने जिले में बेरोजगारी दूर करने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर चर्चा की ।
इसके बाद उन्होंने जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र पहुंचकर उपायुक्त उद्योग अजय गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान जिले में नए उद्योगों की स्थापना, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ । उपायुक्त उद्योग ने अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया ।
अभियान के तहत 28 रोजगार एवं स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं के साथ बैठक आयोजित की गई । इसमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना,विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना,पीएम स्वनिधि सहित पशुपालन ,मत्स्य पालन एवं कृषि आधारित योजनाओं की जानकारी दी गई । साथ ही इच्छुक युवाओं के आवेदन फॉर्म भी भरवाए गए । जिससे उन्हें योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके ।
