सहारनपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत जनपद की तीन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है ।
पहली कार्रवाई थाना गंगोह में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बुड्ढाखेड़ा जाने वाले रास्ते से अभियुक्त सौरभ पुत्र राजेश निवासी मखदूम जहां सराय,गंगोह को गिरफ्तार किया । उसके कब्ज़े से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक ज़िन्दा कारतूस बरामद हुआ ।
थाना गंगोह में मु.अ.सं. 488/26 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है । अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास है। टीम में उ.नि. आज़ाद सिंह,हे.का. लोकेश कुमार और का. अंशु शामिल रहे ।
दूसरी कार्रवाई थाना देवबंद में हत्या के मुकदमे मे की गई । 23 अक्टूबर को प्रवीण कुमार निवासी मुंडिया पट्टी, रणखंडी ने तहरीर दी थी कि विपक्षी अरुण व उसके पुत्र ने उसके भतीजे के सिर में डंडे से वार कर हत्या कर दी । मुकदमा संख्या 742/26 दर्ज कर पुलिस ने 24 अक्टूबर को अभियुक्त अरुण पुत्र यशपाल निवासी मुंडिया पट्टी,रणखंडी को हाजीपुर मार्ग से गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया । कबज़े से आलाकत्ल डंडा बरामद हुआ । पूछताछ में अभियुक्त ने बच्चों की कहासुनी को ले कर झगड़ा होना बताया । टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान, उ.नि. अवधेश कुमार सहित चार पुलिसकर्मी रहे ।
तीसरी कार्रवाई थाना कुतुबशेर पुलिस ने चकआदमपुर के पास से चोर असहाब उर्फ अरमान पुत्र शराफत निवासी 62 फुटा रोड,अजीम कॉलोनी को गिरफ्तार किया । उसके कब्ज़े से एक अवैध चाकू और मुजफ्फरनगर से चोरी की गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई । मुकदमा संख्या 505/26 दर्ज किया गया है ।
