शामली । सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना कांधला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है ।
डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र के नेतृत्व में चल रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन, एएसपी सुमित शुक्ला के नेतृत्व तथा सीओ कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में 24 अक्टूबर को कार्रवाई की गई ।
थाना कांधला पुलिस ने शातिर मादक पदार्थ तस्कर सादिक उर्फ साद्दा पुत्र तैय्यब निवासी सलेमपुर रोड, थाना कांधला को गिरफ्तार किया । उसके कब्जे से 153 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है । जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई जा रही है ।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना कांधला पर मु.अ.सं. 428/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस तस्कर के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है ।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उ.नि. सचिन त्यागी, हे.का. रविन्द्र कुमार और का. अरुण कुमार शामिल रहे ।
शामली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशामुक्त शामली बनाने के संकल्प में सहयोग करें और नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को दें ।
