कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार रात को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक वीडियो जारी कर अपील की ।
नई दिल्ली । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपील की है कि रामलीला मैदान की रैली में शामिल होने वाले लोग यहां ख़रीदारी कर व्यापारियों की मदद करें । राहुल गांधी ने शनिवार रात को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक वीडियो जारी कर यह अपील की ।
उन्होंने कहा “कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं । त्योहारों का मौसम है । दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है । मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें ।”
“प्रोटेस्ट,मार्च,रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी ख़रीदारी भी कीजिए – व्यापारियों का फ़ायदा हो जाएगा मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुक़सान नहीं पहुंचाएगी । बीजेपी डरी हुई है इसलिए अफ़वाह फैला रही है ।”
राहुल ने कहा “दोनों काम करते हैं कल मार्च होगा, रैली होगी और लाखों लोग हमारे व्यापारियों की छोटी-छोटी दुकानों में से सामान ख़रीदेंगे ।”
गौरतलब है कि दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) राहुल गांधी से 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली को टालने की मांग की थी ।
व्यापार संगठन ने अपील की थी कि त्योहारों के इस सीज़न में इस रैली को दीपावली के बाद (10 नवंबर के बाद) आयोजित किया जाए ।
