रामलीला मैदान के आसपास सुरक्षा बलों की भारी तैनाती

नई दिल्ली । दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की रैली होनी है । इससे पहले यहां पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है ।
माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने दावा किया है कि इस रैली में शामिल होने के लिए दस लाख लोग दिल्ली पहुंचेंगे । इस बीच सुरक्षा बलों की तैनाती और रैली स्थल पर तैयारियों की तस्वीरें भी सामने आई हैं ।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है । प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है ।

मार्च और रैली के दौरान 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कंपनियां तैनात की गई हैं ।

दूसरी ओर, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि इस रैली के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ग़लत दिन का चुनाव किया है । बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि 1 नवंबर की तारीख 1984 के सिख विरोधी दंगों की याद दिलाती है ।

विपक्ष की इस महारैली के लिए लगभग तैयारियां हो चुकी हैं और लोगों का जुटना भी शुरू हो गया है ।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि रामलीला मैदान में रैली करने की अनुमति दे दी गई है । लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से प्रस्तावित मार्च निकालने के लिए कोई आवेदन नहीं मिला है ।
