नई दिल्ली । रामलीला मैदान में प्रस्तावित विपक्ष की रैली को लेकर दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक बार फिर पत्र लिखा है ।
सीटीआई ने आशंका जताई है कि रैली के कारण दिल्ली के प्रमुख बाज़ारों में व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं ।
सीटीआई ने कहा “रामलीला मैदान के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित क़रीब 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है । इससे क़रीब 80 फ़ीसदी कारोबार प्रभावित हो सकता है ।”
सीटीआई के अनुसार रैली के कारण रामलीला मैदान के आसपास लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में ट्रांसपोर्ट व्यवस्था प्रभावित हो सकती है ।
संगठन ने आशंका जताई है कि लोडिंग-अनलोडिंग बंद होने से माल की आवाजाही बाधित होगी । इससे गांधीनगर, सदर बाज़ार, चावड़ी बाज़ार, खारी बावली, नया बाज़ार, चांदनी चौक और अन्य प्रमुख बाज़ारों में सामान की सप्लाई प्रभावित हो सकती है ।
संगठन का कहना है कि यदि बाज़ारों तक ग्राहकों की पहुंच और माल की आवाजाही बाधित होती है तो इसका सीधा असर दिल्ली के व्यापार, रोज़गार और छोटे कारोबारियों की आजीविका पर पड़ेगा ।
सीटीआई ने कहा “हम फिर कह रहे हैं । हम रैली के विरोधी नहीं हैं । रैली करिए, लेकिन 20 बाज़ारों के दिवाली व्यापार की क़ीमत पर नहीं । राहुल गांधी जी,आप कह रहे हैं बाज़ार में जाओ,लेकिन जब बाज़ारें-दुकानें ही बंद रहेंगी, ट्रांसपोर्ट ही ठप रहेगा, रास्ते ही बंद रहेंगे, तो रैली में आने वाले लोग कहां जाएंगे ख़रीदारी करने? पहले रास्ता तो खुला रखिए ।”
दूसरी ओर, राहुल गांधी ने रैली में शामिल होने वाले लोगों से व्यापारियों से कुछ न कुछ ख़रीदने की अपील की है ताकि उनकी मदद हो सके ।
उन्होंने कहा “कल लाखों लोग रामलीला मार्च के लिए दिल्ली आ रहे हैं । त्योहारों का मौसम है । दिवाली,छठ,भाईदूज का समय है । मैं चाहता हूं जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं वो यहां के व्यापारियों की मदद करें ।”
