फतेहपुर । दो दिनों से हो रही बारिश से कस्बा बकेवर स्थित बिजली घर तालाब की शक्ल में तब्दील हो गया है ।

कुछ ऐसा ही हाल स्थानीय बकेवर में कुढ़नी रोड का है । जल भराव का प्रमुख कारण बिजली घर से थाना होते हुए निकलने वाले नाला का है । सरांय बकेवर क्षेत्र में नाला का चोक हो गया है । इस नाले की सफाई लगभग दो वर्षों से नहीं की गई है ।
पिछले दो दिनों से हो रही बरसात से बकेवर बिजली घर में पानी भर जाने से मशीनों के फुंक जाने का खतरा पैदा हो गया है । जिसकी वजह से बिजली की आपूर्ति भी बाधित है । यहां बने आवासों में भी पानी भर गया था । पानी भरने से कीड़े मकोड़े आवासों में तैरते हुए आ जाते हैं । कर्मचारी पानी भर जाने से कहीं सुरक्षित आशियाना ढूढ रहे हैं ।
बिजली घर में तैनात अवर अभियंता राम नयन यादव ने बताया कि पिछले दिन से हो रही बारिश का पानी भर गया है । जिससे बिजली सप्लाई आपूर्ति में भी समस्या हो रही है । मालूम हो कि हर वर्ष बरसात के दिनों में जल भराव की समस्या हो जाती है ।इसके बावजूद बिजली विभाग के आला अधिकारी समस्या के स्थाई निस्तारण नहीं करा सके हैं । विभागीय लापरवाही ही इसे कहा जा सकता है ।
पिछले वर्ष जलभराव के समय स्थानीय कर्मचारियों व थाना प्रभारी निरीक्षक की पहल से नाला को साफ कराकर रोड की पुलिया तक पक्का कराया गया था । बरसात के बाद स्थानीय बकेवर के कुडनी रोड के किनारे बनी दूकानों के दूकानदारों ने नाला को कूड़े कचरे से पाट दिया है । जिससे फिर से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है ।
नाला की सफाई न होने से कस्बे के अंदर कुडनी रोड में पानी भर गया है । जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है । पहले से ही रोड गड्ढों में तब्दील हो गया था और अब बरसाती पानी भर जाने से दुर्घटना का शबब बन गया है । अगर जल भराव की समस्या का समाधान नहीं होता है तो विद्युत आपूर्ति जहां किसी भी समय ठप्प हो सकती है । वहीं कुडनी रोड में दुर्घटनाएं हो सकती है ।
मूसलाधार बारिश से फसलें तबाह
बीते दिन से हो रही लगातार बारिश से धान की फसल को छोड़कर अन्य फसलें खराब होने की कगार पर है । अगैती की राई ,सरसों व तिली जैसी तिलहनी फसलें पानी होने बदहाल हो गई है ।
गन्ना की फसल भी तेज हवाओं के साथ हुई मुशलाधार बारिश से खेतों में लोट गई है ।
इस बारिश से अगर किसी फसल को फायदा हुआ है वो धान की फसल है अधिकांश शेष अन्य फसलें बर्बादी के कगार पर है ।
