फतेहपुर । उप कृषि निदेशक,फतेहपुर ने बताया कि जनपद के कृषक भाइयों से अपील की जाती है कि फसल अवशेष (पराली) आदि को न जलायें अपितु यदि खेतों में फसल अवशेष (पराली) आदि है तो अपने ग्राम प्रधान या लेखपाल को सूचित कर अवगत करा दें । ताकि फसल अवशेष को नजदीकी गौशाला में संरक्षित किया जा सके । जिन क्षेत्रों में पराली जलाने की घटना हुयी है कृषि विभाग द्वारा 16 कर्मचारियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है ।
राजस्व विभाग,कृषि विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा पराली जलाने की घटनाओं की रोकथाम हेतु सत्त निगरानी रखी जा रही है ।
खागा तहसील में 21 स्थानों,सदर तहसील में 16 स्थानों एवं बिन्दकी तहसील में 11 स्थानों में चौपाल लगाकर किसान भाइयों को पराली न जलाने के सम्बन्ध में जागरूक किया गया । विकास खण्ड स्तरीय गोष्ठी का आज असोथर में आयोजन किया गया । जिसमें किसानों को फसल अवशेष न जलाने तथा उससे होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और निःशुल्क डिकम्पोजर वितरित किया गया । जनपद के प्रत्येक राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर डिकम्पोजर किसानों को निःशुल्क वितरित किया जा रहा है । डिकम्पोजर की एक बोतल एक एकड क्षेत्रफल हेतु पर्याप्त होती है । जिसकी सहायता से कृषक अपने खेत में ही डिकम्पोजर का प्रयोग कर शीघ्रता से फसल अवशेषों को सड़ाकर खाद बना सकते हैं । जिससे खेतों में जीवांश की मात्रा में वृद्धि होगी एवं उत्पादकता में भी वृद्धि होगी ।
