– ग्राम पंचायतों द्वारा बनाई गई सड़कें ध्वस्त,दुर्घटनाओं का बनी सबब ।
फतेहपुर । शासन के मंशा के अनरूप आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण सामूहिक पेय जल योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों पानी की टंकियों का निर्माण लोगों की परेशानी का सबब बनती जा रही है । वाटर लाइन बिछाने के लिए गांवों में बनी सड़कों खरंजों व आरसीसी को ठेकेदार द्वारा खोद डाली गई है । जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है । वाहन ही नहीं पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है । पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी की लापरवाही के चलते ग्राम बरिगवां व दुबेपुर के रास्ते जहां बद्सेबदतर हो गए हैं । वहीं ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए आरसीसी रोडो का सत्यानाश हो गया है और खर्च किया गया धन का एक तरह से अपव्यय हो गया है ।
विकास खंड देवमई की ग्रामसभा बरिगवा व दुबेपुर में पानी की पाइप लाइन का कार्य जहां कच्छप गति से चल रहा है । वहीं ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए गांवों में खोदी गई सड़कों को बिना मरम्मत किये ही छोड़ दिया गया है । बारिश के बाद से खुदी सड़कें जो गड्ढोंं में तब्दील है कीचड़ व फिसलन युक्त हो रही है । जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं । यहां पर दो माह पूर्व पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी । लेकिन पाइप लाइन बिछाने के बाद भी खोदी गयी सड़क का आज भी वही हाल है । जल निगम कार्यदाई संस्था ने खुदे रास्तों को यूंही छोड़ दिया है । इन गड्ढों में यहां से गुजरने वाले चार पहिया व तीन पहिया वाहन अक्सर फंसे देखे जाते हैं । इसके साथ ही यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक एवं पैदल राहगीर भी फिसलकर गिरने से चोटिल हो रहे हैं । इस आधे-अधूरे काम को पूरा करने की जहमत कार्यदायी संस्था व संबंधित ठेकेदार में कोई नहीं उठा रहा है ।
आवागमन में हो रही परेशानियों के कारण स्थानीय निवासियों खासा आक्रोश है । इन गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण सड़कें बदहाल अवस्था में पड़ी हुई हैं । गड्ढों के कारण स्थानीय निवासियों सहित राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । वहीं जिम्मेदार अधिकारी आम जनता की इस परेशानी को हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं ।
इस सम्बन्ध में एडीओ पंचायत ज्ञान सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जिले हुई मीटिंग के दौरान मामले को उच्चाधिकारियों के समक्ष पेश किया था ।
इस मौके पर मौजूद जल निगम के अधिकारियों ने कहा की पाइपलाइन पूरी पड़ जाने और चेक हो जाने के बाद रास्तों को ठीक कराया जाएगा । श्री ज्ञान सिंह ने बताया कि अगर जल निगम इस कार्य को समय से नहीं पूरा करता है तो कार्यवाही की जाएगी ।
