बिन्दकी/फतेहपुर,27 नवम्बर । कमरिहा बाबा के स्थान में रात को खुदाई होने पर कई सांपों की मौत हो गई पेड़ भी काट दिए गए । वही मामले की जानकारी सुबह हुई तो मौके पर हजारों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई ।
सूचना मिलने पर पुलिस के अलावा राजस्व विभाग की टीम नगरपालिका की टीम तथा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची ग्रामीणों ने मांग किया कि खोदे गए स्थान में एक पक्का चबूतरा बनवाया जाए । समझौते के बाद मामला शांत हुआ । हरे पेड़ काटने पर वन विभाग द्वारा आरोपी पर ₹16000 का जुर्माना किया गया है ।
जानकारी के अनुसार बिंदकी नगर के मोहल्ला इमलिहा बाग पैगंबरपुर के समीप नगर के ललौली रोड निवासी चंद्रशेखर गुप्ता का खेत व बगीचा है ।
बताया जाता है कि बगीचे के अंदर कमरिहा बाबा का स्थान है । पैगंबरपुर मोहल्ले के लोगों के अनुसार यहां पर सैकड़ों वर्ष से पूजा-अर्चना होती आई है ।
लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र के सभी परिवारों के कार्यक्रम यहां पर पूजा अर्चना के बाद शुरू किए जाते हैं । इस स्थान को धार्मिक स्थान माना जाता है और हमेशा पूजा की जाती है । शनिवार की रात को जेसीबी द्वारा इस स्थान की खुदाई कर दी गई ।
आज रविवार की सुबह लोगों को जानकारी हुई तो हजारों की संख्या में महिलाएं पुरुष युवा तथा बुजुर्ग मौके पर पहुंचे और खुदाई को लेकर जमकर नाराजगी जाहिर की । इस मामले में लोगों ने आरोप लगाया कि जेसीबी से खुदाई के कारण कई सांप कटकर मौत का शिकार हो गए ।
वहीं कई पेड़ भी कट गए तथा लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस लगी ।
मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार सर्वेश सिंह गौर,नायब तहसीलदार रवि कुमार प्रजापति,कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह के अलावा लेखपाल भान सिंह ,अजीत उमराव ,अनिल कुमार के अलावा वन दरोगा श्रवण कुमार शुक्ला ,वन दरोगा रविंद्र कुमार, वनरक्षक महेंद्र प्रताप तथा संकठा सिंह परिहार के अलावा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन मुन्ना लाल सोनकर ,सभासद वेदू गुप्ता नगर पालिका परिषद के प्रधान लिपिक मनोज शुक्ला सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने खेत मालिक को बुलाया । खेत मालिक तथा नाराज लोगों के बीच वार्ता हुई । जिस पर खेत मालिक ने उसी स्थान पर 10 फीट लंबा तथा 10 फीट चौड़ा एक चबूतरा बनवाने के लिए जगह दी और पक्का चबूतरा बनवाने की बात हुई । इसके बाद लोगों की नाराजगी कम हुई ।
इस मामले को लेकर वन दरोगा श्रवण कुमार शुक्ला ने बताया कि पेड़ काटे जाने के मामले में खेत मालिक पर ₹16000 का जुर्माना किया गया है ।
