कानपुर । सरसौल वन महोत्सव के तहत धरती की हरियाली बनाए रखने व वन क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सरसौल ब्लॉक के डोमनपुर गांव के गंगा किनारे भारतीय सेना की गंगा टास्क फोर्स 137 सीईटीएफ बीएन (टीए) 39-जीआर के द्वारा मिट्टी के कटाव को कम करने के लिए वृक्षारोपण का कार्य किया । वहीं गंगा किनारे मिट्टी के कटाव को रोकने के स्थानीय ग्रामीणों के साथ पवित्र गंगा नदी के तट पर बांस के पौधे रोपित किए गए ।
गंगा टास्क फोर्स से लेफ्टिनेंट कर्नल अनूप ओझा ने बताया कि 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाता है जिसके तहत जिसके शनिवार को दिबियापुर गांव में गंगा नदी का कटान रोकने के लिए गंगा टास्क फोर्स के जवानों व ग्रामीणों के सहयोग से गंगा के किनारे बांस के दो सौ पौधे रोपित किए गए और उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई ।
उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की यह बटालियन कर्नल वेदव्रत वैद्या के दिशा-निर्देशन में पिछले चार साल से लगातार गंगा को अविरल व निर्मल करने में लगी है ।
नेहरू युवा केन्द्र कानपुर से रामशंकर तिवारी ने कहा कि बांस का रोपण किसानों के लिए लाभकारी है । बांस में मिट्टी का क्षरण रोकने और भूमि का जलस्तर बढ़ाने के भी गुण विद्यमान हैं ।
उन्होंने बताया कि नदी के किनारे बांस के पेड़ों को लगाया गया है । इससे नदी के किनारे खेतों की मिट्टी के कटाव पर रोक लगेगी । इस मौके पर गंगा टास्क फोर्स से डी बी बंसत व वन विभाग रेंजर लल्लू सिंह व स्वयं सहायता समूह की महिलाएं समेत ग्रामीण उपस्थित रहे ।
