उत्तर प्रदेश के बिजनौर में दीपावली के दिन आतिशबाजी के दौरान हुए हादसे में एक किशोर की मौत हो गई । परिजन उसे अस्पताल लेकर गए लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई । बताया गया कि बम के ऊपर रखे गिलास का टुकड़ा किशोर के पैर में घुस गया था ।
बिजनौर । जनपद के शिवाला कलां में पटाखे के ऊपर स्टील का गिलास रखकर आतिशबाजी करने में कक्षा सात के एक छात्र की जान चली गई । पटाखा फटते ही गिलास के टुकड़े-टुकड़े हो गए । गिलास का एक टुकड़ा छात्र के पैर में जा घुसा ।
काफी देर तक घायल होने की बात को डर की वजह से छुपाए रहा, बाद में जब अधिक रक्त बहने लगा तो परिवार वालों को खबर लगी । हायर सेंटर ले जाते हुए उसकी रास्ते में ही मौत हो गई है । परिजनों में कोहराम मचा हुआ है,उधर बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया ।
रविवार की देर शाम गांव मोरना निवासी महेश कुमार का पुत्र शौर्य (14) आसपास के बच्चों के साथ आतिशबाजी कर रहा था । पटाखे छोड़ते समय एक बम को चलाने के लिए उसके ऊपर स्टील का गिलास रख दिया । बम चलते ही स्टील का गिलास टुकड़े-टुकड़े होकर शौर्य के ऊपर गिर गया ।
गिलास ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया । सूचना मिलने पर परिजन उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां धामपुर ले गए । धामपुर के चिकित्सक ने गंभीर हालत देख हायर सेंटर मुरादाबाद रेफर कर दिया ।
मुरादाबाद ले जाते समय बच्चे की मौत हो गई । गांव में मौत की सूचना पहुंचने पर गांव में कोहराम मच गया । सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार पहुंचे और जानकारी ली । परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार किया ।
