फतेहपुर । कभी गांव घरों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज, कानपुर और दिल्ली पढ़ने के लिए जाना पड़ता था । किंतु अब तौर तरीका भी समय के साथ बदलता जा रहा है । पुस्तकालय और पार्क में पढ़ाई कर सफलता की सीढ़ियां चढ़ने वाले छात्र हाईटेक प्राइवेट डिजिटल लाइब्रेरी का रुख करने लगे हैं ।
मलवा विकास खंड के मुरादीपुर,चौडगरा,औंग कस्बो में संचालित प्राइवेट डिजिटल लाइब्रेरी छात्र-छात्राओं को शांत वातावरण उपलब्ध करा रही हैं ।
निजी लाइब्रेरी का चलन इस कदर बढ़ा है कि देखते ही देखते क्षेत्र में पांच जगह पर डिजिटल प्राइवेट लाइब्रेरी खुल चुकी हैं । यह लाइब्रेरी प्रतिमाह मामूली फीस पर वाईफाई, साउंड प्रूफ एवं स्वच्छ वातावरण प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और मैग्जीन के साथ तमाम सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं ।
मलवा सहित मुरादीपुर कस्बा,चौडगरा,औंग आदि जगहों पर अलग-अलग स्थान में संचालित लाइब्रेरी खुल चुकी हैं । प्रतिदिन 5 से 7 घंटे पढ़ाई करने के लिए लाइब्रेरी संचालक प्रति छात्र 500 से ₹ 700 तक लेते हैं । इस हिसाब से 1 घंटे पढ़ाई का चार्ज ₹4 से भी काम पड़ता है ।
सर्वोदय इंटर कॉलेज गोपालगंज के पूर्व प्रधानाचार्य शिक्षाविद स्वयंवर सिंह कहते हैं । अब विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शांत वातावरण युक्त निजी लाइब्रेरी में आने से किसी प्रकार का भटकाव नहीं हो रहा है । सेल्फ स्टडी वाले विद्यार्थियों को लाइब्रेरी में की सेवाओ का लाभ उठाना चाहिए ।
गणित के प्रवक्ता शिक्षक संदीप सिंह चौहान ने कहा संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित आईएएस से लेकर उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस कर्मचारी चयन आयोग व बैंक वगैरा की परीक्षाओ की तैयारी के लिए कमरों में रहकर करने वाले छात्रों को डिजिटल लाइब्रेरी का एकांत अब खूब भा रहा है । विद्यार्थियों को सफलता के लिए मन लगाकर पढ़ना चाहिए ।
लाइब्रेरी संचालक विजय प्रताप सिंह परिहार ने कहा मुरादीपुर में जब लाइब्रेरी की नींव डाली पहले दिन से ही विद्यार्थियों का रुझान ऐसा रहा की 50 सीट दो दिन में ही भर गई हम बेहतर सुविधा और सेवा दे रहे हैं । निजी लाइब्रेरी की सेवाओं से विद्यार्थी संतुष्ट हैं । अब उनकी तैयारी का अधिकांश समय यही गुजरता है ।
