कानपुर । नौगवां गौतम ग्राम की बेटी खुशी चौहान ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर अपना और गांव का नाम रोशन किया है । ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह अपने पैतृक गांव पहुंची । खुशी ने भोपाल से अपनी शिक्षा पूरी की ।
उन्होंने 2018 में हाईस्कूल और 2020 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की । इसके बाद आईटी में बीटेक किया । छह महीने की कोचिंग और ऑनलाइन माध्यम से डिफेंस की तैयारी की ।
7 सितंबर 2024 को उन्होंने ट्रेनिंग ज्वाइन की । खुशी के पिता धीरेंद्र सिंह चौहान व्यवसायी हैं और माता सरिता गृहिणी हैं । उनकी बड़ी बहन निधि सिंह और छोटा भाई मयंक प्रताप चौहान है ।
वही माता सरिता ने बताया कि खुशी बचपन से ही सेना में जाना चाहती थी । वह चोर-सिपाही के खेल में हमेशा सिपाही बनती थी । गांव की पहली बेटी होने के नाते, जब खुशी ड्यूटी पर जा रही थीं । तब ग्रामीणों ने तिरंगा लेकर उनका भव्य स्वागत किया । गांव के बच्चे,बुजुर्ग और महिलाएं भारत माता के जयकारों के साथ उन्हें गांव की सीमा तक छोड़ने आए । खुशी ने गांव के शहीद स्थल पर जाकर शहीद शैलेंद्र के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की ।
ग्रामीणों ने गर्व व्यक्त किया कि उनके गांव की बेटी देश सेवा में जुड़कर क्षेत्र का नाम रोशन करेगी । इस दौरान सब लेफ्टिनेंट खुशी सिंह चौहान ने जैसे ही शहीद शैलेन्द्र की माता को माला पहनाया तो उनकी माता बिजमा भावुक हो गई । उन्होंने खुशी चौहान को आशीर्वाद दिया और बोली बेटा ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सेवा करना है ।
