फतेहपुर । जनपद के निजी आईटीआई एसबीएस एजूटेक मलवां में परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है । राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने संस्थान का निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान 17 से 22 जुलाई 2025 तक हुई प्रयोगात्मक परीक्षा की सीसीटीवी फुटेज में नकल होते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया । इसके साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी फुटेज और फोटोग्राफ्स भी संलग्न किए गए हैं ।
जब डीबीआर से डाटा ट्रांसफर करने के लिए आपरेटर को बुलाया गया । तब प्रधानाचार्य मनोज सिंह ने शाम 6 बजे का हवाला देकर सहयोग करने से इनकार कर दिया । उन्होंने संस्था के निदेशक के निर्देश का हवाला देते हुए अगले दिन 24 जुलाई को डाटा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया ।
24 जुलाई को जब आईटीआई बिन्दकी फतेहपुर के अनुदेशक वीनू कुमार गुप्ता और सुनील सिंह पटेल को वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त करने के लिए भेजा गया । तब आईटी विभाग के टेक्नीशियन ने डीबीआर की जांच की । जांच में पाया गया कि 17 जुलाई से 23 जुलाई सुबह 11 बजे तक का कोई डाटा उपलब्ध नहीं था ।
केवल 24 जुलाई को सुबह 11 बजे के बाद का डाटा ही मौजूद था । इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रधानाचार्य द्वारा तथ्यों को छिपाने के लिए डीबीआर का डाटा जानबूझकर हटाया गया । यह कार्रवाई परीक्षा की सुचिता,पारदर्शिता और जांच को प्रभावित करने की मंशा दर्शाती है ।
इस मामले में संस्थान के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह,प्रबंधन और अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध नकल के साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने और उन्हें मिटाने के संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है ।
