कानपुर । नरवल थाने में प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति’ फेज 5.0 के तहत सोमवार को कस्बे की छात्रा शैलजा को एक दिन के लिए नरवल थाना का प्रभारी बनाया गया । यह पहल महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से की गई है । शैलजा जैसे ही पुलिस जीप से उतर कर नरवल थाने पहुंची ।
यहां मौजूद नरवल थाना प्रभारी अखिलेश पाल ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया । चार्ज संभालते ही शैलजा ने प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पाल के साथ मिल कर थाने में आई शिकायतों को सुना ।
उन्होंने ड्यूटी और अपराध रजिस्टर की जांच की,मामलों की विवेचना कर रहे विवेचकों से जानकारी ली और मालखाना व हवालात का भी निरीक्षण किया इस शैलजा फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनका निस्तारण किया । जिसमें एक पति-पत्नी के विवाद का मामला भी शामिल था । इसके बाद शैलजा पुलिस बल के साथ नरवल कस्बे में पैदल गश्त पर निकलीं । पुलिस की वर्दी में पुलिसकर्मियों से घिरी छात्रा को देख कर लोग हैरान रह गए । उन्होंने मुख्य चौराहों पर वाहनों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी । गश्त के दौरान शैलजा ने दुकानदारों और ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं । एक दिन की थाना प्रभारी के तौर पर उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की ।
