नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली की हवा लगातार ख़राब होती जा रही है । सोमवार की सुबह राजधानी एक घने धुंध की चादर में लिपटी नज़र आई ।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, कई जगहों पर हवा की गुणवत्ता का स्तर यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) क़रीब 500 दर्ज किया गया । 401 से 500 के बीच के एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है । दिल्ली के रोहिणी में सोमवार सुबह 9 बजे एक्यूआई 500 दर्ज किया गया वहीं वज़ीरपुर इलाक़े में 499 एक्यूआई रहा । अगर आनंद विहार की बात करें तो वहां का एक्यूआई 493 दर्ज किया गया । वहीं शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी सीवियर (गंभीर) होने के बाद यहाँ ग्रैप-4 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान) लागू कर दिया गया है ।
ग्रैप का स्टेज-4 क्या होता है ?
दिल्ली में सभी ट्रकों की एंट्री पर पाबंदी (ज़रूरी सामान लाने वाले ट्रकों को छोड़कर),लेकिन एलएनजी,सीएनजी, इलेक्ट्रिक और बीएस-6 डीज़ल गाड़ियों के दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होती है ।
ज़रूरी सामान लाने वाली गाड़ियों को छोड़कर डीज़ल पर चलने वाली बीएस-4 मीडियम गुड्स व्हीकल और हैवी गुड्स व्हीकल को निश्चित समय के लिए दिल्ली में प्रवेश की अनुमति ।
बीएस-3 और इससे नीचे के स्टैंडर्ड की दिल्ली से बाहर की गाड़ियों के लिए दिल्ली में प्रवेश पर पाबंदी ।
ग्रैप स्टेज-3 में बताए गए सभी तरह के निर्माण कार्यों, मरम्मत कार्यों पर रोक ।
राज्य सरकार कक्षा छह से 9 और कक्षा 11 के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फ़ैसला ले सकती है ।
इसके साथ ही ग्रैप-3 में बताए गए प्रावधान के मुताबिक़ राज्य सरकार कक्षा पांच तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने और ऑनलाइन क्लासेस कराने को लेकर फ़ैसला ले सकती है ।
