बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सेक्रेट्री जनरल मिर्ज़ा फख़रुल इस्लाम ने कहा है कि ये हिंसा देश में चुनाव रोकने की साजिश है ।
बांग्लादेश । देश के प्रमुख राजनीतिक दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के महासचिव जनरल मिर्ज़ा फख़रुल इस्लाम आलमगीर ने हालिया उपद्रव को देश को अस्थिर करने का ब्लूप्रिंट करार दिया है ।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा “प्रोथोम आलो, डेली स्टार और छायानट समेत देश के कई जगहों पर हमले, तोड़ फोड़ और भीड़ की ओर से आगजनी देश को अस्थिर करने की साजिश का हिस्सा है ।”
उन्होंने कहा “बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने कड़े शब्दों में उस्मान हादी की हत्या की निंदा की है लेकिन हमारा मानना है ये हमले एक ‘ब्लू प्रिंट’ का हिस्सा हैं ।”
उन्होंने ये भी कहा कि ये हिंसक गतिविधियां देश में ‘अतिवाद को स्थापित करने’ कोशिश का नतीजा हैं ।

बांग्लादेश में उपद्रवियों ने कई जगहों पर हिंसा की ।
मिर्ज़ा फख़रुल ने ये भी कहा “हालांकि इस तरह के उपद्रव फैला कर बांग्लादेश में कुछ भी नहीं किया जा सकता । बांग्लादेश की उदारवादी संस्कृति में ये सब संभव नहीं है ।”
मिर्ज़ा फख़रुल ने कहा कि उनकी पार्टी मानती है कि इस तरह की हिंसक घटनाओं को अंजाम देना देश में चुनाव रोकने की कोशिश है ।
बांग्लादेश के छात्र नेता शरीफ़ उस्मान हादी की मौत के बाद राजधानी ढाका के कई इलाक़ों में हिंसा भड़क गई थी इसके बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है ।
गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने ढाका में दैनिक अख़बार ‘प्रोथोम आलो’और ‘डेली स्टार’ की बिल्डिंग पर हमला किया और तोड़फोड़ की है ।
