कौशाम्बी । मौसम परिवर्तन के कारण मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी तथा जिलाधिकारी कौशाम्बी 19 दिसंबर 2025 को जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है । बढ़ती अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक,कम्पोजिट,राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई,आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों के नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय अब प्रातः 10:00 बजे से अपरान्ह 3:00 बजे तक संचालित होंगे ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आदेश अग्रिम निर्देश तक प्रभावी रहेगा । साथ ही समस्त संबंधित प्रबंधक एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें ताकि बच्चों को ठंड और मौसम जनित जोखिम से सुरक्षित रखा जा सके ।
