लखनऊ । बंगाल की खाड़ी पर बने गहन अवदाब के कारण मानसून की सक्रियता बढ़ गई है । पिछले दो दिन से लखनऊ और आस पास समेत पूर्वी एवं दक्षिणी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में पूर्वांचल में बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी इसका असर कई जिलों में भी देखने को मिलेगा । इस दौरान करीब 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलने का पूर्वानुमान है ।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिणी उड़ीसा-उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश पर संकेंद्रित अवदाब के प्रभाव से यूपी में वर्षा में व्यापक वृद्धि के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है ।
इस दौरान करीब 24 जिलों में दिन के तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है । साथ ही सामान्य बारिश का कोटा भी पूरा हो सकता है । प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 28 सितंबर तक रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी रहेगा ।
शनिवार को बांदा,चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या और आसपास के जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के आसार हैं । इसके अलावा पूर्वी यूपी के सभी जिलों में रविवार तक भारी बरसात की उम्मीद जताई गई है । 29 अक्टूबर से मौसम साफ होना शुरू होगा और चार अक्टूूबर से बारिश का दौर पूरी तरह थम जाएगा ।
लखनऊ में गुरुवार बादलों की आवाजाही के बीच हल्की वर्षा और हवा चलने की वजह से दिन का पारा सामान्य से 3.6 डिग्री लुढ़क कर 29.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया । रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा । ज्यादातर जिलों में दिन का पारा सामान्य से नीचे बना रहा ।
