✓ प्रधानाचार्य ने भारी बारिश में भी शिक्षक और कर्मचारी को बुलाया
✓ जिलाधिकारी के आदेश की उड़ाईं धज्जियां, DIOS बोले— होगी कठोर कार्रवाई
सुलतानपुर । जनपद में लगातार हो रही भीषण वर्षा और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी महोदय के आदेश के अनुक्रम में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया था । जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) एसपी सिंह द्वारा इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी किए गए थे कि इस अवधि में विद्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे । लेकिन महर्षि विद्या मंदिर, जोगीपुरम के प्रधानाचार्य ने इस जनहित और सुरक्षा से जुड़े आदेश को ठेंगे पर रख दिया ।
महर्षि विद्या मंदिर प्रबंधन ने बच्चों के लिए तो अवकाश घोषित कर दिया । लेकिन इस जल भराव और भारी मानसूनी बारिश के बीच शिक्षकों और गैर-शिक्षण स्टाफ को जबरन विद्यालय बुलाया । इस प्रतिकूल परिस्थिति में भी स्टाफ को बुलाकर विद्यालय परिसर में कार्य कराया जा रहा है । जो सीधे तौर पर जिलाधिकारी के निर्देशों का उल्लंघन है ।
प्रधानाचार्य की अजीब दलील : “लेटर में शिक्षकों का जिक्र नहीं”
जब इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य जगत नारायण उपाध्याय से बात की गई, तो उन्होंने बेहद गैर-जिम्मेदाराना तर्क दिया । प्रधानाचार्य का कहना था कि “आदेश के लेटर में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि शिक्षकों को न बुलाया जाए। बच्चों की छुट्टी है,लेकिन शिक्षकों को बुलाकर काम करवाना अंडरस्टूड (Implicit) है ।”
जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक के पत्र में साफ तौर पर लिखा गया है कि 1 से 12 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे । ऐसे में लगभग 65 वर्षीय प्रधानाचार्य द्वारा प्रशासनिक आदेश की इस तरह मनमानी व्याख्या करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है लोग सवाल उठा रहे हैं कि आपदा प्रबंधन के आदेश को खारिज करना प्रधानाचार्य की उम्र का प्रभाव है या उनकी अति-विद्वता का अहंकार ।
DIOS ने कहा— खुले मिलने वाले विद्यालयों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस पूरे मामले पर जब जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) एस. पी. सिंह से बात की गई, तो उन्होंने रुख कड़ा करते हुए कहा कि जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालय पूरी तरह बंद रखने के निर्देश हैं । जो भी विद्यालय इस आदेश का उल्लंघन करते हुए खुले पाए जाएंगे या स्टाफ को जबरन बुलाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर कठोर कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी ।
अब देखना यह होगाकि जिला प्रशासन बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले महर्षि विद्या मंदिर जोगीपुरम के प्रबंधन और प्रधानाचार्य पर क्या एक्शन लेता है ।
