पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने कहा है कि भारत सिंधु जल समझौते का गंभीर उल्लंघन कर रहा है ।
पाकिस्तान । देश के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने भारत पर सिंधु नदी जल समझौते के ‘गंभीर’ उल्लंघन का आरोप लगाया है ।
शुक्रवार को इस्लामाबाद में राजनयिकों के साथ एक मीडिया ब्रीफिंग में उन्होंने कहा, “हमने इस साल अप्रैल में भारत की ओर से सिंधु जल संधि को एकतरफा रूप से निलंबित करते हुए देखा । लेकिन अब हम भारत को इसका गंभीर उल्लंघन करते हुए देख रहे हैं ।”
डार ने कहा कि इस साल चेनाब नदी के प्रवाह में दो बार असामान्य और अचानक बदलाव देखे गए । ऐसा 30 अप्रैल से 21 मई और 7 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच हुआ ।
उन्होंने कहा “जल प्रवाह में ये बदलाव पाकिस्तान के लिए गहरी चिंता का विषय हैं क्योंकि ये भारत की ओर से चिनाब नदी में एकतरफा जल निकासी का संकेत देते हैं । भारत ने सिंधु जल संधि के तहत जरूरी तौर पर पहले सूचना नहीं दी है और न ही डेटा या सूचना का आदान-प्रदान किया है ।”
डार ने कहा “भारत का हालिया कदम पानी को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का एक साफ उदाहरण है । पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान इस ओर दिलाता रहा है ।”
उन्होंने कहा कि भारत का यह अवैध और ग़ैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार पाकिस्तान में मानवीय संकट का कारण बन सकता है ।

पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था ।
इस साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को रोक दिया था ।
तब इस संधि के मुताबिक़ भारत ने पाकिस्तान के साथ कोई जानकारी साझा नहीं करने का फ़ैसला किया था ।
उसने ये भी कहा था कि वो इससे जुड़ी किसी बैठक में भी हिस्सा नहीं लेगा ।
