इल्तिजा मुफ़्ती ने नीतीश कुमार के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है ।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा मुफ़्ती ने हिजाब मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है ।
एफ़आईआर दर्ज कराने के लिए की गई शिकायत में उन्होंने कहा है कि एक मुस्लिम महिला का ‘जबरदस्ती नक़ाब खींच कर उनकी गरिमा भंग करने के आरोप में ये शिकायत दर्ज कराई जा रही है ।
इल्तिजा मुफ़्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इस शिकायत की कॉपी शेयर की है ।
इसमें लिखा है “एक हफ़्ते पहले हमने सदमे, डर और चिंता के साथ ये देखा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एक युवा डॉक्टर नुसरत परवीन का नक़ाब एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों के सामने खींच दिया मुख्यमंत्री की इस हरकत पर वहां मौजूद लोगोंं की प्रतिक्रिया भी चौंकाने वाली थी । उप मुख्यमंत्री और वहां मौजूद लोग हंस रहे थे ।”
उन्होंने लिखा “एक युवा मुस्लिम महिला होने के नाते मैं इस बात पर बेहद चिंतित हूं कि इस तरह की घटना को रोकने और आगे ऐसा न होने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है । बीजेपी और सत्ता में बैठे लोग नीतीश कुमार अभद्रता का बचाव कर रहे हैं ।”

नियुक्ति पत्रों के साथ आयुष डॉक्टर. इसी कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें नीतीश कुमार एक महिला का नकाब खींचते नजर आ रहे हैं ।
इस सप्ताह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दिखा कि नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से नक़ाब खींच रहे हैं ।
नीतीश कुमार के पीछे बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खड़े हैं और वीडियो में वह मुख्यमंत्री को ऐसा करते वक़्त रोकते हुए दिखे ।
हालांकि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार को हँसते हुए देखा जा सकता है ।
