बांग्लादेश में युवक की हत्या के विरोध में भाजपा ने किया हावड़ा ब्रिज की नाकेबंदी का प्रयास
कोलकाता । बांग्लादेश के मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास नामक एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद उसके शव को जलाने की घटना के विरोध में कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई इलाक़ों में विरोध प्रदर्शन का सिलसिला लगातार तेज़ हो रहा है ।
इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा ने हावड़ा ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही ठप करने का प्रयास किया । लेकिन पुलिस ने पार्टी के जुलूस को वहां तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया ।
इसके बाद जुलूस में शामिल लोग पुलिस कर्मियों से भिड़ गए । कई लोग बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे । इस धक्का-मुक्की के कारण हावड़ा ब्रिज पर ट्रैफ़िक ठप हो गया और ब्रिज के दोनों तरफ़ लंबे समय तक जाम लगा रहा ।
मंगलवार को भी हुए थे प्रदर्शन
इससे पहले मंगलवार को संघ से जुड़े कई हिंदूवादी संगठनों ने यहां बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त के दफ़्तर के सामने प्रदर्शन की कोशिश की थी । लेकिन पुलिस के रोकने पर वो पुलिस कर्मियों के साथ ही भिड़ गए थे । इससे पार्क सर्कस इलाके़ में काफ़ी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही ।
बाद में भाजपा के कुछ नेता भी मौके़ पर पहुंचे थे । उसी समय उन्होंने बुधवार को हावड़ा ब्रिज की नाकेबंदी का एलान किया था ।
इसी दौरान भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में हावड़ा ब्रिज की ओर जा रहे थे । लेकिन ब्रिज से कुछ दूर पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया ।
उसके बाद पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारे लगाने लगे । हालात बेकाबू होने की आशंका से मौके़ पर भारी तादाद में पुलिस वालों को तैनात किया गया था और सड़को पर बैरिकेड लगाए गए थे ।
सड़क से प्रदर्शनकारियों को हटाने में पुलिस को काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी । इस दौरान कई कार्यकर्ता पुलिसवालों से भिड़ गए । बाद में उनको वहां से हटा दिया गया
भाजपा के एक नेता ने दावा किया कि पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके़ से प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया । पार्टी ने कम से कम 12 कार्यकर्ताओं की गिरफ़्तारी का भी दावा किया है ।
