– पत्नी बोली दृश्यम फ़िल्म से आया था दफनाने का आइडिया
आगरा । मेरठ के चर्चित ‘नीले ड्रम’ हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि आगरा से पति की हत्या और शव छिपाने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया । फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार शव नीले ड्रम में नहीं, बल्कि घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन मिला ।
सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी पर आरोप है कि उसने पति को खीर में नींद की ढेर सारी गोलियां मिलाकर खिलाईं, मौत के बाद शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया और करीब 46 दिन तक सभी को गुमराह करती रही । शुक्रवार को पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई तो फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हुआ ।
पुलिस के द्वारा आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। भरतपुर (राजस्थान) निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, मां और दो बेटियों के साथ आगरा के रेणुका धाम में रहते थे । 18 मई के बाद पत्नी ने परिजनों को बताया कि सुरेंद्र लापता हैं और बाद में उनकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी । पुलिस सीसीटीवी खंगालती रही । शुक्रवार को सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि रूबी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार कर ली है ।
रूबी बोली दृश्यम फ़िल्म से आया था दफनाने का आइडिया
40 साल की रूबी शर्मा के दुस्साहस ने हर किसी को हिला दिया है । घर-घर में एक ही बात है अकेले उसने इतना सब कुछ कैसे कर लिया। हो न हो उसके साथ कोई न कोई घटना में शामिल जरूर रहा होगा । पुलिस को भी यह सवाल परेशान कर रहा है । पुलिस उससे पूछताछ कर रही है । महिला का कहना है कि फिल्म दृश्यम से शव को दफनाने का आडिया आया था ।
रूबी ने सब कुछ अकेले किया, नहीं हो रहा है यकीन
रूबी के घर का बाथरूम करीब दस फीट लंबा और साढे चार फीट चौडा है । उसी के फर्श के नीचे से पुलिस ने सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद किया । नींद की गोलियां खीर में देकर पत्नी हत्या तो अकेले कर सकती है मगर अकेले शव ठिकाने नहीं लगा सकती । पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है । पुलिस ही नहीं मोहल्ले वालों और परिजनों के जेहन में भी कई सवाल हैं । जिनके जवाब फिलहाल पुलिस के पास नहीं है । रूबी ने बताया कि पति को नींद की गोलियां दी थीं ।..
