नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को नई ज़िम्मेदारी दी है पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने की घोषणा की है ।
इसके मुताबिक़ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया,उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत,दिल्ली से राम माधव,ओडिशा से बैजयंत जय पांडा और आंध्र प्रदेश से डी पुरंदेश्वरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की ज़िम्मेदारी दी गई है ।
इनके साथ ही उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं । वहीं मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्या,कर्नाटक से एम नागराज,उत्तर प्रदेश से तारिक़ मंसूर और पश्चिम बंगाल से मधुचंद्र कर को भी यह ज़िम्मेदारी दी गई है । नई टीम में बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) की जगह दी गई है । इनके अलावा दो लोगों को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव (संगठन), आठ को राष्ट्रीय महासचिव और 16 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है ।
