Oplus_131072
व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाने के बाद कई प्रभावित यूज़र्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स का रुख किया और मदद की गुहार लगाई ।
नई दिल्ली । व्हाट्सऐप ने सोमवार (3 अगस्त) को कथित तौर पर भारत समेत कई देशों के कुछ यूज़र्स के अकाउंट्स को 24 घंटे तक समीक्षा (रिव्यू) के लिए चिन्हित कर दिया ।
इस दौरान प्रभावित यूज़र्स के लिए ऐप की सभी सुविधाएँ अस्थायी रूप से बंद रहीं, जिसके बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जाहिर की ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार कई यूज़र्स ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के उनके अकाउंट को अचानक समीक्षा के लिए चिन्हित कर दिया गया समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक वे व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर सके ।
समीक्षा के लिए चिन्हित हुए अकाउंट
यह समस्या सोमवार रात करीब 8 बजे (भारतीय समयानुसार ) सामने आई । जब यूज़र्स ने सोशल मीडिया पर शिकायत करनी शुरू की कि उनके व्हाट्सऐप अकाउंट को समीक्षा के लिए रखा गया है ।
प्रभावित यूज़र्स को ऐप पर यह संदेश दिखाई दिया “आपके अकाउंट की समीक्षा की जा रही है ।
अनुरोध की तारीख: 3 अगस्त 2026 । यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपका अकाउंट हमारी सेवा शर्तों का पालन करता है । आपकी अकाउंट गतिविधि और डिवाइस संबंधी जानकारी की जाँच की जा रही है 24 घंटे के भीतर आपको इसका नतीजा बता दिया जाएगा ।”
इस नोटिफिकेशन में व्हाट्सऐप का ज़िम्मेदारी से इस्तेमाल करने संबंधी दिशा- निर्देश, चोरी हुए फ़ोन और हैक या कम्प्रोमाइज़ किए गए अकाउंट्स से जुड़ी जानकारी के लिंक भी शामिल थे ।
व्हाट्सऐप ने क्या कहा
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए व्हाट्सऐप के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफ़ॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार काम करती है, लेकिन कभी-कभी ग़लतियाँ भी हो सकती हैं ।
पीटीआई ने प्रवक्ता के हवाले से कहा “हम लगातार उन लोगों से आगे रहने की कोशिश करते हैं जो हमारी सेवा का दुरुपयोग करने का इरादा रखते हैं । अन्य यूज़र्स की सुरक्षा के लिए हम ऐसे अकाउंट्स पर पाबंदी (बैन) लगाते हैं । हालाँकि, कभी-कभी हमसे ग़लती हो जाती है । अगर ऐसा होता है, तो हम उसे जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश करते हैं ताकि यूज़र्स दोबारा सामान्य रूप से चैट कर सकें ।”
हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि कितने अकाउंट इस समीक्षा से प्रभावित हुए या किन कारणों से इन अकाउंट्स को समीक्षा के लिए चिन्हित किया गया ।
सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने मांगी मदद
व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाने के बाद कई प्रभावित यूज़र्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स का रुख किया और मदद की गुहार लगाई ।
कई यूज़र्स ने बताया कि उनका अकाउंट अचानक रिव्यू के लिए चिन्हित कर दिया गया, जिसके कारण वे मैसेज भेजने, प्राप्त करने या ऐप की अन्य सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे ।
कैसे होता है रिव्यू ?
व्हाट्सऐप के इन-ऐप नोटिफिकेशन के अनुसार कंपनी किसी अकाउंट की गतिविधियों और उससे जुड़े डिवाइस की जानकारी की समीक्षा करती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह व्हाट्सऐप की सेवा शर्तों का पालन कर रहा है या नहीं ।
