भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नाविकों की रक्षा के महत्व पर भी जोर दिया है ।
नई दिल्ली । भारत के विदेश मंत्रालय ने ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है । विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन घटनाओं में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं ।
मंत्रालय ने बताया कि टोगो के झंडे वाले अल्फा वतन, पलाऊ झंडे वाले एबल और लाइबेरिया के झंडे वाले अफ्रामैक्स रियो जहाज़ों पर हमले हुए हैं ।
विदेश मंत्रालय के अनुसार जहाज़ एबल पर कुल चालक दल के 18 सदस्य सवार थे,जिनमें 7 भारतीय नागरिक शामिल हैं हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया है । बुल्गारिया के अधिकारियों की सहायता से सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें बुल्गारिया के वार्ना शहर में ठहराया गया है ।
घायल भारतीय नागरिक का आवश्यक चिकित्सा उपचार किया जा रहा है । भारत सरकार ने सहायता के लिए बुल्गारियाई अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है ।
मंत्रालय ने बताया कि अफ्रामैक्स रियो जहाज़ पर सवार चालक दल के सभी 23 सदस्य भारतीय नागरिक हैं और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है । हालांकि अल्फा वतन जहाज़ के चालक दल के बारे में अभी जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है ।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए गहरी चिंता का विषय हैं । भारत ने एक बार फिर ऐसे हमलों को तत्काल बंद करने की अपील की है ।
मंत्रालय के अनुसार क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए कमर्शियल जहाज़ों, नाविकों और सिविलियन इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की घटनाएं फौरन समाप्त होनी चाहिए । भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नाविकों की रक्षा के महत्व पर भी जोर दिया है ।
