उत्तर प्रदेश । राज्य के वृंदावन में एक निजी गुरुकुल में अंडरग्राउंड पानी की टंकी की सफ़ाई के दौरान चार बच्चों की मौत हो गई है । मथुरा के ज़िलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बच्चों की मौत की पुष्टि की है ।
उन्होंने कहा “वृंदावन के चैतन्य विहार में आशीष शर्मा ‘वृंदावन गुरुकुलम’ नाम से एक गुरुकुल चला रहे थे । यहां क़रीब 200 बच्चे रजिस्टर्ड हैं और मौजूदा समय में क़रीब 100 बच्चे यहां रह रहे हैं ।”
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा “शाम को परिसर में बने एक अंडरग्राउंड पानी की टंकी से बदबू आने पर बच्चों ने ख़ुद ही टंकी साफ़ करने की कोशिश की । कुछ बच्चे टंकी की सफ़ाई करने के लिए नीचे उतरे । मुझे लगता है कि उसमें ज़हरीली गैस थी ।”
“पांच बच्चे नीचे उतरे थे और सभी बेहोश हो गए,जिनमें चार बच्चों की असमय मौत हो गई । एक बच्चा सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा । इनमें से कोई भी बच्चा स्थानीय नहीं था सभी दूसरे राज्यों से आए थे ।”
ज़िलाधिकारी ने कहा “यह गुरुकुल कैसे संचालित हो रहा था । हमें जांच करनी होगी कि संस्थान को मान्यता मिली हुई थी या नहीं । इतनी छोटी जगह में इतने बच्चे कैसे रह रहे थे इसे किन परिस्थितियों में चलाया जा रहा था, इसके लिए मजिस्ट्रेट स्तर की जांच कराई जाएगी ।”
