रांची । कांके-पतरातू मुख्य मार्ग पर पिठोरिया थाना क्षेत्र के केला बागान के समीप देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ । तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटर साइकिल की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई । घटना के बाद इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है ।
तेज रफ्तार बाइक ने बच्ची को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार बच्ची सड़क किनारे मौजूद थी । इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी । हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई । घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया ।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह केला बागान के पास कांके-पतरातू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया । ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर और बैरिकेडिंग कर विरोध जताया । ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक चालक की गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की ।
दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार
सड़क जाम होने के कारण कांके-पतरातू मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई । इससे रांची और पतरातू के बीच आवागमन करने वाले लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा ।
