नई दिल्ली । वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने सोमवार को राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन से पहले सुप्रीम कोर्ट से बाराखंबा तक वकीलों के साथ मार्च निकाला ।
उन्होंने एक्स पर लिखा “चलो दिल्ली,लोकतंत्र के लिए सुप्रीम कोर्ट से बाराखंबा तक मार्च में ।”
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा “आप देख रहे होंगे कि हम सिर्फ़ एक शांतिपूर्ण मार्च निकालना चाहते हैं । लेकिन इस पर पाबंदियां लगा दी गई हैं । हाल ही में मेट्रो, ट्रेन और इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं । जिससे आम लोग प्रभावित हुए ।”
“यह पहले से ही लगाया गया एक व्यापक प्रतिबंध था अगर कोई तोड़फोड़ हुई होती तो हम समझ सकते थे,लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया है । दरअसल आप डरे हुए हैं । संविधान हमें विरोध करने का अधिकार देता है ।”
सोमवार को विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बाराखंबा मेट्रो स्टेशन से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है । इस मार्च में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के कई नेता बाराखंबा मेट्रो स्टेशन पहुंच चुके हैं ।
