World News Update । टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने बताया कि उनकी कंपनी स्पेस एक्स ने यूक्रेन में स्टारलिंक इंटरनेट सेवा के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाए थे । मस्क ने यूक्रेन पर स्टारलिंक की सेवा शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है ।
उनका कहना है कि यूक्रेन इस सेवा का इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों के लिए कर रहा था । हालांकि उन्होंने इस बात से इनकार किया कि अमेरिका के सैन्य-ग्रेड नेटवर्क “स्टारशील्ड” में आई समस्या के लिए वे ज़िम्मेदार थे । मस्क के ताज़ा दावों पर यूक्रेन की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है । हालांकि यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार सेरही बेस्क्रेस्तनोव ने मस्क की पोस्ट को “बहुत अजीब” बताया है । इससे पहले मस्क ने यह आरोप खारिज किया था कि उन्होंने जानबूझकर यूक्रेन के इंटरनेट कनेक्शन की स्पीड कम की थी ।
यूक्रेन का कहना है कि इस समस्या के कारण उसे एक सप्ताह से अधिक समय तक अपनी रक्षात्मक सैन्य गतिविधियां संचालित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा ।
स्टारलिंक और स्टारशील्ड इंटरनेट सेवा की स्पीड सही होने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट कर अमेरिका का शुक्रिया कहा ।
उन्होंने कहा “यह हमारे फ्रंटलाइन पर तैनात लॉजिस्टिक्स सिस्टम के लिए बेहद अहम है साथ ही, जेट इंजन से संचालित ‘शाहेद’ ड्रोन हमलों के ख़िलाफ़ यूक्रेन की रक्षा के लिए भी यह आवश्यक है ।”
यह विवाद पिछले सप्ताह उस समय सामने आया था, जब अमेरिका और यूक्रेन के बीच रूसी ऑयल इंफ़्रास्ट्रक्चर पर यूक्रेनी हमलों को लेकर तनाव बढ़ गया था ।
