केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत एक मज़बूत लोकतंत्र है, यह आपकी दंगा आधारित राजनीति से नहीं बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा ।
नई दिल्ली । दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली हो रही है,जिसकी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने आलोचना की है ।
जेपी नड्डा ने प्रेस वार्ता में कहा “आज रामलीला मैदान में जो कुछ हो रहा है । वह लोकतंत्र का सम्मान नहीं बल्कि प्रजातंत्र, लोकतंत्र के नाम पर देश को अराजकता के हवाले करने की एक सोची समझी साज़िश है । यह हारे हुए और जनता की ओर से बार-बार नकारे हुए लोगों का एक डिज़ाइन ड्रामा है ।”
“राहुल गांधी की राजनीति का मॉडल क्या है ? यह मैं आज देश की जनता को बताना चाहता हूं इसका पहला चरण झूठ बोलना और अफ़वाह फैलाना, दूसरा चरण सड़कों पर अराजकता और उपद्रव मचाना, तीसरा चरण देश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना और चौथा चरण विदेशी ताक़तों के इशारे पर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करना है ।”
उन्होंने कहा “एक नवंबर को राहुल गांधी के इस ड्रामे के चार मक़सद– पहला सिख भाइयों के ज़ख़्मों पर नमक छिड़कना,दूसरा दिल्ली में दंगा और अराजकता फैलाकर साज़िश करके जनता की चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को हटाना,तीसरा त्योहार के सीज़न में दिल्ली के दुकानदारों और व्यापारियों की कमाई पर डाका डालना और चौथा देश को बदनाम करना है ।”
नड्डा ने कहा “भारत एक मज़बूत लोकतंत्र है । यह आपकी दंगा आधारित राजनीति से नहीं बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा आपकी यह रैली कांग्रेस के राजनीतिक पतन की ताबूत में आख़िरी कील साबित होगी ।”
गौरतलब है कि विपक्षी दलों का मार्च शुरू हो चुका है,जो रामलीला मैदान तक जाएगा और यहां पर नेता रैली को संबोधित करेंगे ।
