कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी ।
नई दिल्ली । रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली से पहले राहुल गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि कनॉट प्लेस में बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी ।
एक ओपन जीप में राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ रामलीला मैदान जा रहे थे । इसी दौरान उन्होंने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा “हमने सभी लोगों से कहा कि जब आप मार्च और महा रैली के लिए यहां आएंगे तो चीजें खरीदेंगे,खरीदारी करेंगे मगर,यहां कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि बीजेपी ने सारी की सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी ।”
राहुल गांधी ने कहा “तो व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है, कैसे हो रहा है, यह आप जान लीजिए ।”
इससे पहले दिल्ली के चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने एक नंवबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक पत्र लिखा ।
इसमें सीटीआई ने आशंका जताई कि रैली के कारण दिल्ली के प्रमुख बाज़ारों में व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं ।
सीटीआई ने कहा “रामलीला मैदान के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित क़रीब 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है । इससे क़रीब 80 फ़ीसदी कारोबार प्रभावित हो सकता है ।”
