वरिष्ठ पत्रकार – रवीन्द्र त्रिपाठी
फतेहपुर : जनपद में सात मार्च से आरंभ हो रहे मिशन इंद्रधुनष अभियान के लिये स्वास्थ्य विभाग की तैयारी तेज हो गयी हैं । नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान जिले में टीकाकरण से छूटे हुए दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती को टीके लगाने के लिए जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) पर आशा कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है ।
सीएमओ कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुये सीएमओ डॉ० राजेंद्र सिंह ने बताया कि शासन से प्राप्त दिशा निर्देश के क्रम में सात मार्च से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 4.0 प्रारंभ होगा । इसके अंतर्गत शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों एवं टीडी टीके से वंचित रही गर्भवती को प्रतिरक्षित किया जाएगा ।
उन्होंने बताया कि जिले में 2648 गर्भवती महिलाओं और 2 वर्ष तक के 8080 बच्चों को सघन मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत टीकाकरण किया जायेगा । सघन मिशन इंद्रधनुष के लिये 2323 केंद्र बनाये गये है ।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण से कोई भी बच्चा और गर्भवती छूटने न पाए,शत प्रतिशत टीकाकरण कराएं । अभियान में पोलियो,तपेदिक,खसरा,डिप्थीरिया,टिटनेस,डायरिया तथा हेपिटाइटिस बी को रोकने के लिए सात टीके लगाए जाते हैं । इस अभियान के अंतर्गत यह टीका चिह्नित किए गए बच्चों और महिलाओं को घर-घर जाकर निशुल्क लगाया जाएगा । उन्होंने कहा अब कोविड-19 का संक्रमण कम हो गया है, इसी को देखते हुए सघन मिशन इंद्रधनुष के तहत टीकाकरण भी शुरू किया जाएगा । जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० इश्तियाक ने बताया कि सीएमओ कार्यालय में मिशन इंन्द्रधनुष 4.0 के लिए बनाये गये माइक्रोप्लान की समीक्षा भी की जा चुकी है । पहला चरण सात मार्च से 14 मार्च तक चलेगा । इसके बाद दूसरा चरण चार अप्रैल से तथा तीसरा चरण दो मई से होगा । दस मार्च को चुनाव की गणना के कारण यह प्रोग्राम नहीं चलेगा । उन्होंने बताया कि इसके साथ ही जनपद में बीस मार्च से पल्स पोलियो कार्यक्रम चलना है । 20 मार्च को बूथ दिवस होगा । 21 से 25 मार्च तक घर घर अभियान चलाया जायेगा ।
