फतेहपुर : झारखंड से सरिया लेकर निकला ट्रेलर (ट्रक) को वाराणसी में चालक को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया गया जीपीएस की लोकेशन न मिलने पर ट्रेलर की तलाश करते हुए फतेहपुर शहर पहुंचे । मैनेजर ने गोदाम के पास ट्रेलर खड़ा देख पुलिस को खबर दी ।
पुलिस ने बिहार के एक युवक को दबोच लिया लेकिन मास्टर माइंड गोदाम मालिक समेत अन्य बदमाश भाग निकले ।
हरियाणा के रहने वाले चंद्रप्रकाश सुपर सोनिक लॉजिस्टिक कंपनी कोलकाता में मैनेजर हैं । उन्होंने बताया कि कपंनी का ट्रेलर जमशेदपुर के चाईबासा से करीब 65 लाख कीमत की 32 टन सरिया लेकर आठ मार्च को नोएडा के लिए चला था । नौ मार्च 11: 57 बजे ट्रेलर का जीपीएस सिस्टम और चालक का मोबाइल बंद हो गया । यूपी के फतेहपुर जिले के क्षेत्र खागा टोल प्लाजा पर दस मार्च को फास्टटैग से टोल टैक्स कटा । ट्रेलर खागा के आसपास होने की जानकारी मिली । ट्रेलर की तलाश करते कंपनी मैनेजर फतेहपुर पहुंचे । उन्हें खागा जाना था । हाईवे पर जाम लगा होने पर नउवाबाग में पुलिस कर्मी ने शहर के अंदर से कार मुड़वा दी ।
महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के मोड़ पर ट्रेलर खड़ा देख कंपनी मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी ।
ट्रेलर ओमप्रकाश बाजपेयी उर्फ संतू के गोदाम में खड़ा था । पुलिस को चकमा देकर ओमप्रकाश भाग निकला । ट्रेलर के पास बिहार के जिला शेखपुरा कोतवाली क्षेत्र के कनइया निवासी निहाल खान को पकड़ा गया । गोदाम में ओमप्रकाश की स्कार्पियो और बुलेट मोटर साइकिल भी मिली ।
ट्रेलर लूट में शामिल कुछ लोगों की सूचना पर पुलिस होटल पहुंची लेकिन वहां कोई नहीं मिला ।
पुलिस के अनुसार निहाल ने बिहार के इमरान खान ,ओम प्रकाश बाजपेयी व कुछ अन्य साथियों के साथ ट्रेलर लूटना कबूल किया । बताया कि वाराणसी में हाईवे के एक ढाबे पर ट्रेलर चालक को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया । उसे प्रयागराज के नवाबगंज के पास फेंका कर ट्रेलर फतेहपुर ले आए थे ।
पुलिस चालक रामदरश सिंह चौहान निवासी इब्राहीमपुर जिला गाजीपुर की तलाश में जुटी है । प्रयागराज पुलिस से भी संपर्क किया गया है । कार्यवाहक कोतवाल प्रभुनाथ यादव ने बताया कि चालक और अन्य लुटेरों की तलाश की जा रही है ।
निहाल ने बताया कि उनके पास एक खाली ट्रक था । उसे हुसैनगंज मार्ग पर खड़ा किया गया है । पुलिस के पहुंचने से पहले लुटेरे ट्रक लेकर भाग गए । खाली ट्रक का बदमाश सरिया बेचने के लिए लोडिंग में इस्तेेमाल करते ।
लुटेरों ने ट्रेलर में फर्जी नंबर प्लेट जेएच 05 सीवी 0179 लगा रखी थी । मैनेजर चंद्रप्रकाश ने बताया कि ट्रेलर का नंबर नागालैंड का है । कंपनी के नाम की पेटिंग से वह ट्रेलर को पहचान गए । उन्हें अंतिम लोकेशन खागा में मिली थी ।
ओमप्रकाश बाजपेयी मलवां थाना क्षेत्र के दावतपुर का रहने वाला है । जेल के पीछे साईं विहार कालोनी में करीब एक बीघा में उसका घर है । महर्षि स्कूल के पास उसका गोदाम है । ओम प्रकाश दो साल पहले औरेया जिले में चालक की हत्या कर ट्रक लूट में पकड़ा गया था ।
एक माह पहले भी खागा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर सरिया लदा ट्रेलर लूट की कोशिश में भी उसके गैंग का हाथ माना जा रहा है ।
