फतेहपुर : विकास खण्ड देवमई के प्रावि मुरारपुर में छात्र छात्राओं ने पपेट शो कर लैंगिक समानता का संदेश दिया । आज का दिन “विश्व कठपुतली दिवस” के रूप में मनाया जाता है । कठपुतली एक अत्यंत प्राचीन नाटकीय खेल है । जिसमें लकड़ी,धागे,प्लास्टिक या प्लास्टर ऑफ पेरिस की गुड़ियों से जीवन के प्रसंगों की अभिव्यक्ति का मंचन किया जाता है ।
आज कल विद्यालयों में नवाचारी गतिविधियों में कठपुतली या पपेट का भी अधिकाधिक प्रयोग किया जा रहा है । इससे बच्चे जो पढ़ते हैं उसे रोचक ढंग से सीख पाते हैं । उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ रही है । विद्यालय में नामांकन व ठहराव भी बढ़ा है । यह पपेट्स विभिन्न स्वरूपों में पढ़ाई हेतु प्रयोग किए जाते हैं ।
जैसे स्टिक पपेट,फिंगर पपेट्स,क्राउन पपेट,मास्क पपेट आदि । प्राथमिक विद्यालय मुरारपुर में फल,सब्जी,फूल,जानवर, पक्षियों के पपेट मौजूद हैं । संस्कारों के विकास हेतु पौराणिक कथाओं के फिंगर पपेट भी तैयार किए जा चुके हैं । आज वर्ड पपेट डे के उपलक्ष्य पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लैंगिक समानता पर एक पपेट शो प्रस्तुत किया ।
जिसमें अंशिका,वंश,सृष्टि,दामिनी,आशीष,अंकुश,अंशिका गुप्ता ने प्रतिभागिता की साथ ही वंश,रितिका,वर्तिका ने कठपुतली डांस की शानदार प्रस्तुति भी दी । इस अवसर पर दूरदर्शन न्यूज़ चैनल की टीम भी उपस्थित रही । जिन्होंने बच्चों से वर्ड पपेट डे पर विद्यालय में हो रही गतिविधियों व बालिका शिक्षा पर चर्चा परिचर्चा की ।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक दीक्षा पटेल व आराधना द्वारा पत्रकार टीम को समस्त प्रकार के पपेट प्रदर्शित किए गए । टीम ने मूंग दाल व गुब्बारे से बनाए गए पपेट्स को बहुत ही सराहा । ग्राम प्रधान श्रीमती पुष्पा सिंह भी मौके पर मौजूद रहीं ।
