फतेहपुर । जिला कार्यक्रम अधिकारी फतेहपुर राजीव सिंह ने बताया कि पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पोषण एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी संकेतकों में से एक आवश्यक संकेतक 06 माह तक के शिशुओं में केवल स्तनपान सुनिश्चित करना है । माँ का दूध शिशु के लिये अमृत समान होता है तथा शिशु एवं बाल मृत्युदर में कमी लाने के लिये आवश्यक है कि जन्म के 01 घण्टे के अन्दर शिशु का स्तनपान प्रारम्भ करा दिया जाए व 06 माह की आयु तक के शिशु को केवल स्तनपान ही कराया जाए ।
बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा छः माह के आयु तक के शिशुओं को गर्मियों में केवल स्तनपान सम्बन्धी व्यवहार सुनिश्चित करने हेतु 30 जून 2022 तक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग विभाग,बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, ग्राम विकास विभाग,पंचायती राज विभाग,खाद्य एवं रसद विभाग व गैर सरकारी कल्याणकारी संस्थाएं आदि के सहयोग से “पानी नहीं केवल स्तनपान” अभियान आयोजित किया जायेगा ।
अभियान का मुख्य उद्देश्य शिशुओ को 06 माह की आयु तक केवल स्तनपान उसकी जीवन रक्षा के लिये अत्यन्त आवश्यक है । किन्तु समाज प्रचलित विभिन्न मान्यताओं व मिथकों के कारण परिवार के सदस्यों द्वारा शिशु को घुट्टी,शहद,चीनी का घोल पानी आदि का सेवन करा दिया जाता है । जिसके कारण शिशुओं में कई प्रकार संक्रमण हो जाते है । जो उसके स्वस्थ जीवन के लिये घातक सिद्ध होता है । शिशु के प्यासा रहने की आशंका उसे पानी देने का प्रचलन गर्मियों में बढ़ जाता है । माँ के दूध में अन्य पौष्टिक तत्वों के साथ-साथ पानी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होता है और शिशु की पानी की आवश्यकता केवल स्तनपान से दूर हो जाती है । अतः शिशु को 06 माह तक ऊपर से पानी देने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं होती है ।
06 माह तक के शिशुओ के स्वस्थ जीवन के लिए जानकारी का प्रचार-प्रसार कर जनमानस को जागरूक किया जाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है ।
