देश की राजधानी दिल्ली कोरोना महामारी के संकट से जूझ रही है । अस्पतालों की कमी, पर्याप्त बेड ना होना और ऑक्सीजन की किल्लत से कई जानें जा चुकी हैं ।
कोरोना महामारी से जूझ रही दिल्ली की वर्तमान स्थिति पर दिल्ली हाईकोर्ट लगातार सक्रिय है । यहां तक की छुट्टी वाले दिन, रविवार को भी कोर्ट में सुनवाई हुई ।
आज भी इस मामले में सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाई है । ऑक्सीजन की क़िल्लत पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि अब कोई तर्क नहीं । आपको दिल्ली को तुरंत 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की सप्लाई करनी होगी ।
हाई कोर्ट ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली को ऑक्सीजन देने के मामले में ऐसा रवैया कैसे अपना सकती है जबकि लोग ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे हैं और मर रहे हैं । हाई कोर्ट ने सुनवाई में कहा कि हम आंखें नहीं मूंद सकते हैं ।
हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार पर सख़्त टिप्पणी करते हुए पूछा कि सुप्रीम कोर्ट ने आपको जो आदेश दिया था उसका क्या हुआ ? दिल्ली को आख़िर उसके कोटे की ऑक्सीजन क्यों नहीं मिल रही है ।
दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि आख़िर ऑक्सीजन सप्लाई के मामले में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए ।
हाईकोर्ट ने केंद्र को फटकारते हुए कहा कि – आप अपनी आंखें मूंद सकते हैं हम नहीं ।
