उन्नाव । जनपद में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाएगा । इस संबंध में शासन द्वारा दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं ।
यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने दी ।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के लिए अलग-अलग थीम निर्धारित की गई हैं । जिसके अनुसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी ।
यह थीम हैं- महिला एव स्वास्थ्य,बच्चा व शिक्षा-पोषण भी पढ़ाई भी,लैंगिक संवेदनशीलता के साथ जल संरक्षण व प्रबन्धन और आदिवासी क्षेत्र में महिलाओं व बच्चों के लिए पारंपरिक खान-पान ।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के बीच पोषण के महत्व और आवश्यकता को इंगित करते हुए पारंपरिक खान-पान के माध्यम से कुपोषण के दुष्प्रभाव से बचाना है । इस वर्ष पोषण माह में लोगों की भागीदारी अधिक से अधिक बढ़ाने के लिए पोषण पंचायत को क्रियाशील बनाया जाना है । इसके लिए त्रिस्तरीय पंचायत के तहत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को केन्द्रित कर कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा । इसके साथ ही पोषण माह के अन्तिम सप्ताह में जनपद में प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र,पंचायत,स्कूल,प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर विशेष कैम्प का आयोजन करते हुए “स्वस्थ बालक – बालिका स्पर्धा“ का आयोजन किया जाएगा ।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना है ।
पोषण माह में कुपोषण के स्तर में कमी लाने के लिए जनपद में पोषण सम्बन्धी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन, कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया जाएगा । इन गतिविधियों को भारत सरकार द्वारा विकसित पोर्टल पर दैनिक आधार पर अपलोड किया जाएगा ।
