ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दौरान मारी गईं 16 साल की निका शाकर्रामी की मां ने अधिकारियों पर उनकी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है ।
यूएस समर्थिक रेडियो फरदा को भेजे गई एक वीडियो में लड़की की मां नसरीन शाकर्रामी ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी के शरीर पर चोट के निशान देखे हैं । उनका ये बयान इस संबंध में दिए एक आधिकारिक बयान के उलट है ।
अधिकारियों का कहना है कि उन्हें लगता है कि 16 साल की निका शाकर्रामी को मज़दूरों ने एक इमारत से फेंका है ।
निका शाकर्रामी, 20 सितंबर को तेहरान में लापता हो गई थीं । लापता होने से पहले उन्होंने अपने दोस्त को बताया था कि पुलिस उसका पीछा कर रही है ।
निका की मां नसरीन ने बताया कि उनके परिवार को ऐसे बयान देने के लिए मजबूर किया जा रहा है जिससे ये लगे कि निका की मौत इमारत से गिरने की वजह से हुई है ।
ईरान में 22 साल की महसा अमीनी की मौत के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं ।
इसी बीच महसा अमीनी की आधिकारिक फॉरेंसिक रिपोर्ट भी सामने आई है जिसमें कहा गया है कि उनकी मौत ख़राब तबीयत की वजह से हुई ।
वहीं परिवार का कहना है कि मोरैलिटी पुलिस की पिटाई के बाद उनकी बेटी की मौत हुई है ।
महसा अमीनी को 13 सितंबर को तेहरान में कथित तौर पर हिजाब संबंधी क़ानून तोड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया था । इस क़ानून के तहत महिलाओं के लिए ज़रूरी है कि वे अपने बाल हिजाब या फिर हेडस्कार्फ से ढंककर रखें ।
